महाराष्ट्र के बुलढाणा में चलती बस में लगी आग, 26 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के बुलढाणा (Buldhana) में चलती बस में आग (Maharashtra Bus Fire) लगने से 26 लोगों की जलकर मौत हो गई। यह भीषण हादसा समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बताया जा रहा कि बस में करीब 32 लोग सवार थे। अचानक इसमें आग (Maharashtra Bus Accident) लग गई जिसके कारण लोगों को निकलने का मौका नहीं मिल सका। इस हादसे में 26 लोगों के मौत की ख़बर है, जबकि कई लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को तुरंत बुलढाणा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बस महाराष्ट्र के यवतमाल से पुणे जा रही थी। घटना शनिवार रात करीब दो बजे की है। बुलढाणा पुलिस के डिप्टी एसपी बाबूराव महामुनि ने बताया कि बस से 26 शव निकाले गए हैं। बस में कुल 32 लोग सवार थे। 6-8 लोग घायल हैं। घायलों को बुलढाणा सिविल अस्पताल रेफर किया गया है।

बस हादसे को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने मुआवजे का भी ऐलान किया है। उन्होंने ट्वीट किया, “महाराष्ट्र के बुलढाणा में बस दुर्घटना से बहुत दुखी हूँ। मेरी संवेदनाएँ और प्रार्थनाएँ उन लोगों के परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई। घायल जल्द ठीक हो जाएँ। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। बस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को पीएमएनआरएफ (PMNRF) से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए जाएंगे।”