महात्मा गांधी के पोते अरुण मणिलाल गांधी का निधन

महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) के पोते अरुण मणिलाल गांधी (Arun Manilal Gandhi) का निधन हो गया। उनकी उम्र 89 वर्षीय थी। उनका निधन महाराष्ट्र (Maharashtra) के कोल्हापुर (Kolhapur)   में हुआ है। अरुण गांधी के बेटे तुषार गांधी ने मंगलवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। बताया गया है कि अरुण गांधी पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। तुषार गांधी ने बताया कि उनके पिता का अंतिम संस्कार आज ही कोल्हापुर में किया जाएगा।

अरुण मणिलाल गांधी का महात्मा गांधी के दूसरे बेटे मणिलाल गांधी के बेटे हैं। उनका जन्म 14 अप्रैल 1934 को दक्षिण अफ्रीका के डरबन में हुआ था। उनके पिता यहां प्रकाशित होने वाले अखबार इंडियन ओपिनियन के संपादक थे, जबकि उनकी माँ उसी समाचार पत्र में पब्लिशर रहीं। अरुण गांधी ने बाद में अपने दादाजी के मार्ग का अनुसरण किया और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर एक कार्यकर्ता के रूप में काम किया।

अरुण गांधी ने कुछ किताबें भी लिखी हैं। इनमें द गिफ्ट ऑफ एंगर: एंड अदर लेसन्स फ्रॉम माई ग्रैंडफादर महात्मा गांधी प्रमुख हैं। अरुण गांधी 1987 में अपने परिवार के साथ अमेरिका में बस गए थे। यहाँ उन्होंने मेम्फिस, टेनेसी में अपने जीवन के कई साल बिताए। यहां उन्होंने क्रिश्चियन ब्रदर्स यूनिवर्सिटी में अहिंसा से संबंधित एक संस्थान की भी स्थापना की थी।