हिमाचल में 24 घंटों के बाद बर्फबारी तो बंद हो गई, लेकिन लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। प्रदेश में बीती रात कंपा देने वाली ठंड़ पड़ी जो सर्दियों के मौसम में इस साल की सबसे ठंडी रात रही। हिमाचल के नौ स्थानों का न्यूनतम पारा शून्य से कम रहा। राजधानी शिमला में -3.7 और किलोंग में -14 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। बर्फबारी के बाद हजारों सैलानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में फँसे हुए हैं। सड़क संपर्क बहाल न होने के कारण सैलानी वापस घर नहीं लौट पा रहे हैं। सूबे में मौसम की सबसे भारी बर्फबारी के चलते सैकड़ों गांवों का संपर्क अभी भी कटा हुआ है। शिमला में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप्प है। न बिजली है और न पीने को पानी। बर्फबारी के चलते 900 सड़कें बंद पड़ी हैं।