मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को गणपति विसर्जन के दौरान नाव पलटने से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग लापता हैं। घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य जारी है। भोपाल (शहर) के पुलिस उप महानिरीक्षक इरशाद वली ने बताया कि यह घटना छोटे तालाब के खटलापुरा घाट पर शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे हुई। उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त वे लोग गणेश प्रतिमा को विसर्जित करने गए थे। वली ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक इन दो नावों में 19 लोग सवार थे। अब तक 11 शवों को तालाब से निकाल लिया गया है, जबकि छह लोगों को सुरक्षित निकाला गया और दो लोगों की तलाश की जा रही है।