
जलेबी का नाम सुनते ही मुँह में पानी आ जाता है। अगर यह जलेबी सेब से बनी हो तो मजा दो गुणा हो जाएगा। तो चलिए जानते हैं कि यह एप्पल जलेबी कैसी बनाई जाती है। इसके लिए आपको 2 सेब छीले हुए, 3 कप मैदा, दो चम्मच चीनी, दो चम्मच तेल,1 कप पानी, थोड़ा सा नींबू का रस, एक चौथाई चम्मच इलाइची पाउडर और कुछ कटे हुए मेवे के टुकड़े लेने होंगे। अब जानिए इसको बनाने की विधि-
सबसे पहले गर्म पानी में चीनी डालकर घोल लें और इसे 5 मिनट के लिए अलग रखें। अब एक बर्तन में मैदा, तेल की कुछ बूंदे और तैयार चीनी का घोल डालकर सही से तैयार कर लें। इसके बाद चाशनी के लिए चीनी और पानी के घोल को धीमी आँच पर उबाल लें। अब इसमें नींबू का रस, इलाइची पाउड़र मिलाएं और करीब 8 मिनट तक उबालें। अब जलेबी तलने के लिए तैयार हो जाएँ। पहले एक बर्तन में तेल गर्म करें फिर सेब के टुकड़ों को मैदे के मिश्रण में डुबा कर तेल में डालें। जब तक जलेबी का रंग सुनहरा न हो जाए तब तक तलें। इसके बाद जलेबियों को एक से दो मिनट के लिए चाशनी में डालकर निकल लें। लीजिए तैयार है आपकी एप्पल जलेबी।