
आज 10 जनवरी है, इस दिन को हर साल विश्व हिंदी दिवस के रुप में मनाया जाता है। इस विशेष दिन पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और प्रकाश जावड़ेकर सहित कई नेताओं ने देश को शुभकामनाएँ दी हैं। इसके अलावा कांग्रेस नेता शशि थरुर ने भी एक ट्वीट के जरिए हिंदी में एक छोटी सी कविता लिखते हुए लोगों को इसकी शुभकामनाएँ दीं। इस दिन का प्रमुख उद्देश्य वैश्विक स्तर पर हिंदी का प्रचार-प्रसार करने के साथ हिंदी को अंतर्राष्ट्रीय भाषा के तौर पर पहचान दिलाना और इसके प्रति लोगों को जागरूक करना है। आज के दिन सभी सरकारी कार्यालयों में विभिन्न विषयों पर हिंदी में व्याख्यान किया जाता है। विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों में इस दिन को विशिष्ट तौर पर मनाया जाता है। इसके प्रसार के लिए पहला सम्मेलन 10 जनवरी 1975 को नागपुर में आयोजित किया गया था। इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 10 जनवरी 2006 से इसे प्रति वर्ष मनाए जाने का ऐलान किया था।